यह सुरंग लाहुल के लोगों सहित सेना को भी बल देगी। सेना की लेह लद्दाख में सीमा तक पहुंच आसान होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल में एक साथ तीन कार्यक्रमों में संबोधन किया। अटल टनल के साउथ पोर्टल में अधिकारियों को संबोधित किया। इसके बाद सिस्सू और सोलंग में दो जनसभाएं की। पीएम मोदी ने कृषि संबंधी सुधारों पर हो रहे विरोध पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कांग्रेस भी सुधार करना चाहती थी, लेकिन वोट बैंक की राजनीति से डरती थी। यह सुधार किसानों के हित में हैं।
सोलंगनाला में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं देवी हिडिंबा, कंचननाग और 18 करड़ू देवी देवताओं की दिव्य धरा को नमन करता हूं। 1997 में सोलंगनाला में पैराग्लाडिंग की यादों को ताजा करते हुए पीएम ने कहा कि पूरी पैराग्लाडिंग किट उठाकर जब पहाड़ी पर जाना पड़ता था तो दम उखड़ जाता था। अटल जी जब एक बार आए तो पैराग्लाडिंग से पुष्प वर्षा की गई थी।
हमीरपुर के 66 मेगावाट धौलासिद्ध प्रोजक्ट को स्वीकृति दे दी गई है। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। प्रदेश के सभी प्रोजेक्टों का काम तेजी से चल रहा है। देश के छह लाख गांवों में ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का काम किया जा रहा है। गांव गांव को वाईफाई से जोड़ा जाएगा। पीएम ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि बिचौलियों को बढ़ावा देने वालों ने देश के किसानों की क्या स्थिति कर दी थी यह सभी जानते हैं।
हिमाचल के टमाटर, सब्जियां देश के लोगों की जरूरत को पूरा करती हैं। कृषि कानूनों का विरोध करने वाले चाहते हैं, यथास्थिति बनी रहे। हिमाचल के किसान अब दूसरे प्रदेश में जाकर अपना सेब बेचकर लाभ कमाना चाहते हैं तो अब उनके लिए रास्ता खुल गया है। केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों के खाते में अब तक दस करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं।हिमाचल के किसानों को एक हजार करोड़ दिए जा चुके हैं। श्रम कानूनों में सुधार कर महिलाओं को अब वो सब अधिकार दिए गए हैं जो पुरूषों के पास पहले से ही हैं।
Be the first to comment on "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल टनल देश को समर्पित की"